सूरत जिले के बारडोली धुलिया चौकड़ी के पास स्थित कबाड़ गोदामों में रविवार देर रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग एक गोदाम में रखे प्लास्टिक के सामान से शुरू हुई और देखते ही देखते तेजी से फैलकर 11 से अधिक गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया। प्लास्टिक और भंगार सामग्री की वजह से आग बेकाबू हो गई। घना धुआं और ऊंची लपटें करीब 2 किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। हालांकि, सोमवार सुबह 10 बजे तक भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका। फायर

अधिकारियों के मुताबिक, गोदाम छोटे-छोटे होने के कारण अंदर पहुंचना मुश्किल हो रहा था, जिससे राहत कार्य में दिक्कत आई। प्लास्टिक जलने से आग बार-बार भड़क रही थी। राहत की बात यह है कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। फायर विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है। शॉर्ट सर्किट या अन्य कारणों की जांच के साथ-साथ गोदाम मालिकों से पूछताछ और सुरक्षा मानकों की भी पड़ताल की जाएगी।

