उपायुक्त मनीष कुमार ने मुफस्सिल थाना के चांदपुर इंटीग्रेटेड चेकपोस्ट परिसर में निर्मित ऑटो टोटो स्टैंड का उद्घाटन किया।यह स्टैंड झारखंड बंगाल सीमा में लंबे समय से बनी यातायात अव्यवस्था एवं अवैध टोटो परिचालन की समस्या के समाधान के उद्देश्य से निर्मित किया गया है। जिले के नागरिकों द्वारा की जा रही वर्षों पुरानी मांग को पूर्ण करते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह महत्वपूर्ण पहल की गई है।उपायुक्त ने कहा कि चांदपुर क्षेत्र एक संवेदनशील बॉर्डर एरिया है, जहां यातायात एवं सवारी संचालन को लेकर लगातार कठिनाइयाँ आ रही थीं। इस दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे, जिन्हें अब सफलतापूर्वक अमल में लाया गया है। उन्होंने बताया कि ऑटो टोटो स्टैंड में वाहनों के क्रमबद्ध खड़े होने की व्यवस्था, समर्पित पार्किंग एरिया तथा यात्रियों के सुरक्षित उतरने चढ़ने की सुविधा सुनिश्चित की गई है। इससे यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, ट्रैफिक जाम की समस्या कम होगी तथा सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आने की संभावना है। उपायुक्त ने बताया कि यह

व्यवस्था पायलट प्रोजेक्ट के रूप में प्रारंभ की गई है। आगामी एक माह तक आमजन एवं ऑटो टोटो चालकों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे, ताकि इसे और अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि ऑटो-टोटो चालकों की पहचान,अनुशासन एवं सुरक्षा हेतु आईडी कार्ड एवं यूनिफॉर्म व्यवस्था प्रारंभ की गई है। उपायुक्त ने चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की।मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी,नगर परिषद प्रशासक अमरेन्द्र चौधरी, अंचलाधिकारी श्री अरबिंद कुमार बेदिया, मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार, थाना प्रभारी मुफस्सिल गौरव कुमार, यातायात प्रभारी राकेश रंजन, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक रितेश कुमार सिंह, पंचायत प्रतिनिधि, पाकुड़ जिला ऑटो टोटो ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष हिसाबी राय, सचिव अनिकेत कुमार, चालकगण एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।

