धर्मशाला में आज अभ्यास, कल भारत–दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला |

धर्मशाला में आज अभ्यास, कल भारत–दक्षिण अफ्रीका के बीच तीसरा टी-20 मुकाबला |

भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच टी-20 सीरीज का तीसरा मुकाबला रविवार को धर्मशाला में खेला जाएगा। मैच से पहले भारतीय टीम आज अभ्यास सत्र में हिस्सा लेगी। बीसीसीआई द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार टीम इंडिया शाम 7:30 बजे से रात 10 बजे तक अभ्यास करेगी। वहीं दक्षिण अफ्रीका टीम के लिए शाम 4:30 से 7:30 बजे तक नेट सेशन तय था, लेकिन सूत्रों के मुताबिक मेहमान टीम अभ्यास नहीं करेगी और केवल प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल होगी। मैच से एक दिन पहले धर्मशाला के मौसम में बदलाव देखने को मिला है। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए हैं, जिससे रात के समय ठंड बढ़ने की संभावना है। हालांकि बारिश के आसार नहीं हैं, लेकिन आसपास की पहाड़ियों पर हल्का हिमपात हो सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार दिन का तापमान 15 से 17 डिग्री सेल्सियस और रात का तापमान 6 से 8 डिग्री के बीच रह सकता है। ठंडी हवाएं गेंदबाजों के लिए मददगार साबित हो सकती हैं। यह मुकाबला दोनों टीमों के लिए बेहद अहम है, क्योंकि पांच मैचों की सीरीज फिलहाल 1-1 की बराबरी पर है। चंडीगढ़ में खेले गए पिछले मैच में भारत को 51 रन से हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में धर्मशाला का मुकाबला सीरीज में बढ़त बनाने के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। मैच शाम 7 बजे शुरू होकर रात करीब 11 बजे तक चलेगा। ठंड को देखते हुए दर्शकों को गर्म कपड़े साथ लाने की सलाह दी है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *