
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने बयान को लेकर सुर्खियों में हैं। पेन्सिलवेनिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि उनका पसंदीदा शब्द “टैरिफ” है। उन्होंने दावा किया कि टैरिफ की वजह से अमेरिकी किसानों को फायदा हो रहा है और देश को सैकड़ों अरबों, बल्कि खरबों डॉलर मिले हैं। ट्रंप इससे पहले भी इसी तरह का बयान दे चुके हैं। अक्टूबर में क्वांटिको में उन्होंने कहा था कि “टैरिफ सबसे खूबसूरत शब्द है और यह अमेरिका को अमीर बना रहा है।” इसी बीच ट्रंप ने हाल ही में सोशल मीडिया पोस्ट में चेतावनी दी कि टैरिफ के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरनाक होगा और इससे अमेरिका आर्थिक रूप से असहाय हो सकता है। सुप्रीम कोर्ट फिलहाल टैरिफ नीति की संवैधानिक वैधता की जांच कर रहा है और फैसले की तारीख अभी तय नहीं है।

