
गोवा के ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स गिरफ्तारी से बचने के लिए कोर्ट की शरण में पहुंच गए हैं। मालिक सौरभ और गौरव लूथरा विदेश भागने के बाद दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में अपने वकील के जरिए अग्रिम जमानत याचिका दाखिल कर चुके हैं। इस बीच, गोवा पुलिस ने उनके करीबी और बिजनेस पार्टनर अजय गुप्ता को दिल्ली से गिरफ्तार किया। पूछताछ में अजय ने खुद को सिर्फ बिजनेस पार्टनर बताया और हादसे तथा NOC से जुड़े सवालों पर चुप्पी साधे रखी। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पहले लाजपत नगर के एक प्राइवेट अस्पताल में स्पाइन की बीमारी बताकर भर्ती हो गया था। सूत्रों के अनुसार, मुख्य आरोपी गौरव लूथरा को थाईलैंड के फुकेट एयरपोर्ट पर देखा गया है। गोवा सीएमओ ने पुष्टि की कि इंटरपोल ने सौरभ और गौरव लूथरा के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है।

