
छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में SECL की अमेरा कोल एक्सटेंशन खदान के विस्तार को लेकर रविवार को माहौल तनावपूर्ण हो गया। खदान विस्तार का विरोध कर रहे ग्रामीण अचानक उग्र हो गए और लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और गुलेल से लैस होकर पुलिस बल पर टूट पड़े। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा और किसी तरह भीड़ को नियंत्रित किया गया। ग्रामीणों का आरोप है कि खदान विस्तार से उनकी जमीन, जंगल और आजीविका खतरे में है, जबकि प्रशासन का कहना है कि बातचीत के बावजूद कुछ लोग हिंसा पर उतारू हो गए। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और हालात काबू में हैं।

