
समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में नवम्बर माह में सेवानिवृत्त हुए जिले के तीन शिक्षकों को शॉल ओढ़ाकर, माला पहनाकर सम्मानित किया गया। सम्मान प्रदान करने में उपायुक्त के साथ अनुमंडल पदाधिकारी तथा जिला शिक्षा अधीक्षक उपस्थित रहे। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि शिक्षक समाज का ज्ञानदीप होते हैं। सभी ने लम्बे समय तक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जिले के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की है शिक्षकों का योगदान अमूल्य है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सेवा यात्रा भले ही पूर्ण होती है, लेकिन उनका अनुभव और मार्गदर्शन समाज के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों के उज्ज्वल, स्वस्थ और सुखद भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।

