बिजली विभाग ने सोशल मीडिया में सूचना जारी करते हुए कहा है कि 132/33 केवी ग्रिड सब स्टेशन पाकुड़ में लगे दोनों 50 MVA ट्रांसफॉर्मरों में ऑयल लीकज और ऑयल फिल्ट्रेशन का काम 3 दिसंबर से शुरू किया जा रहा है। विभाग ने साफ कहा है कि अगले 15 से 20 दिनों तक पाकुड़, बल्लभपुर, दुबराजपुर, हिरणपुर, महेशपुर और अमड़ापाड़ा समेत छह फीडरों की बिजली आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी। हालांकि विभाग के अधिकारी इसे भविष्य के लिए बेहतर बिजली आपूर्ति की संभावना हेतु आवश्यक कदम बता रहे हैं लेकिन जनता के लिए बेहतर बिजली की आपूर्ति सपने जैसा ही है।

पाँच साल से लगातार विभाग की फाइलों और बयानों में ही बिजली सुधर रही है, जमीन पर नहीं।सूत्रों के अनुसार बिजली विभाग में पिछले पाँच वर्षों में खंभों की खरीद से लेकर ट्रांसफार्मरों के हिसाब में भारी गड़बड़ी हुई है। सूत्र बताते हैं कि जनता के लिए आने वाले कई ट्रांसफार्मर को मोटी रकम लेकर पत्थर व्यवसायियों को शिफ्ट कर दिया गया। वहीं दूसरी तरफ, क्रेशर प्लांट और खदान क्षेत्रों में विभाग की मेहरबानी लगातार बनी रहती है।

