बाजार समिति में दुर्गापूजा, काली पूजा एवं छठ पूजा 2025 पुरस्कार वितरण समारोह का हुआ आयोजन जिले में दुर्गापूजा, काली पूजा एवं छठ पूजा 2025 के सफल, शांतिपूर्ण एवं अनुशासित आयोजन के उपलक्ष्य पर बाजार समिति में जिला प्रशासन द्वारा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया।समारोह में उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, परियोजना निदेशक आईटीडीए अरूण कुमार एक्का, अपर समाहर्ता जेम्स सुरीन, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह, प्रशासक नगर परिषद अमरेन्द्र कुमार चौधरी एवं जिले भर की पूजा समितियों के प्रतिनिधि एवं मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि समन्वित प्रयासों एवं सरकार की योजनाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ जनता तक पहुँचाते हुए पूरे डेढ़ महीने तक चलने वाले पूजा पर्व का सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन संभव हो पाया। जिले के सभी मजिस्ट्रेट, पुलिस बल तथा नवनियुक्त चौकीदारों ने प्रतिदिन अत्यंत निष्ठा, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। पूर्व पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के योगदान के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। वर्तमान पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए भी

धन्यवाद। सभी एसडीपीओ तथा अनेक पूजा पंडालों के निरीक्षण, ऑडिट और शांति समिति बैठकों के सफल संचालन हेतु धन्यवाद दिया। शांति समिति के सभी सदस्यों ने जिम्मेदारी और सौहार्द्रपूर्ण वातावरण बनाए रखने में सराहनीय भूमिका निभाई। स्वयंसेवकों, कलाकारों और कारीगरों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक एवं रचनात्मक पंडालों की प्रशंसा की गई। कई पंडालों में जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश भी प्रस्तुत किए गए। जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित ब्लड डोनेशन ड्राइव में भाग लेने वाले सभी रक्तवीरों को विशेष धन्यवाद। दुर्गापूजा, काली पूजा तथा छठ पर्व सभी आयोजनों में आस्था, अनुशासन और आध्यात्मिकता का उत्कृष्ट वातावरण देखने को मिला। बड़े पंडालों के साथ-साथ गाँवों के छोटे पंडाल भी उतने ही महत्वपूर्ण हैं, विशेषकर वे जो रक्तदान, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देते हैं। जिला प्रशासन के लिए यह आयोजन अत्यंत सफल रहा। लगातार पंडाल निरीक्षण, नई थीम्स का अवलोकन और जनता के बीच उपस्थिति ने संपूर्ण पर्व को अनुकरणीय बनाया। विधि व्यवस्था भी पूरी तरह नियंत्रित और प्रभावी रही। सभी समितियों को शाल ओढ़ाकर, मोमेंटो एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

