सेवा का अधिकार सप्ताह के तहत जिले की 7 पंचायतों एवं नगर परिषद वार्ड संख्या 01 में जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। प्रखंड के शहरकोल पंचायत भवन में मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त मनीष कुमार, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया, विशेष कार्य पदाधिकारी त्रिभुवन कुमार सिंह एवं बीडीओ समीर अल्फ्रेड मुर्मू एवं मुखिया विकास गोंड के द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया।उप विकास आयुक्त ने कहा कि इस कार्यक्रम का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि नागरिकों को सभी सेवा और सुविधा बिना किसी परेशानी के गाँव में उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि पहले लोग समस्या लेकर प्रखंड कार्यालय आते थे अब प्रशासन उनके द्वार पर पहुँचकर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर में 15 प्रकार की सेवा उपलब्ध कराई गईं, जहाँ लोग विभिन्न योजनाओं के लिए आवेदन भी दे सकते हैं।प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का ऑन द स्पॉट निपटारा किया गया तथा समय लगने वाले मामले को रजिस्टर में दर्ज कर समाधान की जिम्मेदारी प्रशासन द्वारा ली गई है।उपायुक्त ने बताया कि शिविर में मुफ्त स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया जिसमें बीपी, शुगर,कमजोरी,गर्भवती महिलाओं की जांच एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध थीं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इन सुविधाओं का अवश्य लाभ लें।उपायुक्त ने कहा कि इस बार सरकार की मंशा है कि धान अधिप्राप्ति की राशि एकमुश्त सीधे किसानों के खाते में भेजी जाए। इसके लिए किसानों से

आवश्यक फॉर्म भरने का अनुरोध किया गया। उन्होंने बताया कि जन्म, मृत्यु, जाति, स्थानीय निवास प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेज मिशन मोड में सेवा सप्ताह के दौरान तेजी से जारी किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि प्रथम चरण में यह शिविर 28 नवंबर तक जिले की सभी पंचायतों में आयोजित किए जा रहे हैं।इसके बाद सरकार की पहली वर्षगांठ के उपलक्ष्य में 30 नवंबर से 15 दिसंबर तक पुनः शिविर लगाए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र लाभार्थी छूट न जाए। उन्होंने कहा कि हर वर्ग के लिए अनेक योजनाएँ एक ही स्थान पर उपलब्ध हैं जिनमें मईया सम्मान योजना,सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना,साइकिल योजना,प्री मैट्रिक पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति,राशन कार्ड संबंधी सेवाएँ,NFSA अपडेट योजनाएँ शामिल हैं। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे पूर्ण संवेदनशीलता के साथ आवेदन दर्ज करें और तय समय सीमा में समाधान सुनिश्चित करें।कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त एवं उप विकास आयुक्त ने सभी विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।

