सुबह 10 बजकर 10 मिनट पर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता भूकंप के तेज झटकों से हिल उठा। नॉर्थ और साउथ कोलकाता के कई इलाकों में इमारतें कुछ सेकंड तक डोलती महसूस हुईं। ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग घबराकर नीचे सड़क पर आ गए। हावड़ा, हुगली, उत्तर और दक्षिण 24 परगना—सभी जिलों में कंपन की पुष्टि हुई। उत्तर बंगाल के कूचबिहार और उत्तर दिनाजपुर में भी भूकंप महसूस किया गया।

यूरोपियन-मेडिटेरेनियन सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र बांग्लादेश के नरसिंगडी के पास और टुंगी से करीब 27 किलोमीटर पूर्व में स्थित था। इसकी गहराई 10 किलोमीटर रही, इसलिए झटके दूर-दूर तक महसूस हुए। ढाका में भी इमारतों के हिलने की रिपोर्ट सामने आई है। इसी बीच, उत्तरी पाकिस्तान में भी रिक्टर स्केल पर 5.2 तीव्रता का भूकंप रिकॉर्ड किया गया। राहत की बात यह है कि दोनों जगह अब तक किसी नुकसान की खबर नहीं है। प्रशासन ने सतर्क रहने की अपील की है।

