
गुजरात के अरवल्ली जिले के मोडासा शहर के पास मंगलवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ। मोडासा-धनसुरा रोड पर एक एम्बुलेंस में आग लगने से एक नवजात शिशु, एक डॉक्टर और दो अन्य लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस निरीक्षक डीबी वाला ने बताया कि जन्म के बाद बीमार एक दिन के बच्चे को मोडासा से अहमदाबाद के निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी एम्बुलेंस में अचानक आग लग गई। मृतकों में बच्चे के पिता जिग्नेश मोची (38), अहमदाबाद निवासी डॉक्टर शांतिलाल रेंतिया (30) और नर्स भूरीबेन मनात (23) शामिल हैं। हादसे में झुलसे अन्य लोग पास के अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

