
सदर प्रखंड के गंधाईपुर पंचायत में मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना के तहत बनने वाली पुल की मापी को लेकर बीते गुरुवार को मुखिया एवं जिला परिषद के सदस्य व ग्रामीणों के बीच विवाद खड़ा हो गया। मामले को लेकर जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल मुफस्सिल थाना पहुंचकर उक्त पंचायत के मुखिया हारून अली के विरोध शिकायत दर्ज कराई। मुखिया हारून अली निजी अमीन के साथ पुल निर्माण स्थल पर मापी करने पहुंचे थे इसी दौरान गोपीनाथपुर के सिद्धांत मंडल एवं संस्कार मंडल ने मापी की जानकारी ली जिसपर मुखिया नाराज होकर अभद्र व्यवहार करते हुए गाली गलौज करने लगे।यह मामला बढ़ा तो गोपीनाथपुर के ग्रामीण एवं जिला परिषद सदस्य उक्त स्थल पर पहुंचे। पिंकी मंडल ने बताया कि गोपीनाथपुर मोड़ पर मुखिया सैकड़ों लोगों के साथ कई घंटों तक घेरा बंदी किया। मामले को लेकर जिला परिषद सदस्य पिंकी मंडल ने ग्रामीणों के साथ मुफ्फसिल थाना में मुखिया के खिलाफ आवेदन जमा किया है। मामले की छानबीन हेतु पुलिस जांच में जुट गई है।

