उपायुक्त ने ई-केवाईसी जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना समाहरणालय परिसर से सांसद विजय कुमार हांसदा, विधायक महेशपुर स्टीफन मरांडी व विधायक लिट्टीपाड़ा हेमलाल मुर्मू, उपायुक्त मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी, जिला परिषद अध्यक्ष जूली खिष्टमुणि हेंब्रम ने ई केवाईसी जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रथ 14 नवम्बर से 21 नवम्बर तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में भ्रमण कर आमजन को ई केवाईसी से संबंधित जानकारी प्रदान करेगा तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जुड़ने हेतु प्रेरित करेगा।उपायुक्त ने कहा

कि जिले के सभी लाभुक अपने निकटतम पीडीएस दुकानों में जाकर अनिवार्य रूप से ई केवाईसी कराना सुनिश्चित करें, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नियमित रूप से मिलता रहे। उन्होंने बताया कि जिला आपूर्ति विभाग द्वारा ई केवाईसी प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाया गया है। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों तथा पीडीएस दुकानदारों को निर्देशित किया कि अभियान अवधि में अधिकतम लाभुकों का ई केवाईसी कराना सुनिश्चित करें। जागरूकता रथ के माध्यम से ई केवाईसी की आवश्यकता, प्रक्रिया तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी जन जन तक पहुंचाई जाएगी, जिससे कोई भी पात्र लाभुक इसका लाभ लेने से वंचित न रहे।

