उत्तर प्रदेश के संभल जिले के सरायतरीन इलाके में बुधवार को हयातनगर थाना क्षेत्र स्थित एक हैंडीक्राफ्ट कारखाने में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते गोदाम की दीवार गिर गई और लपटें पास के 3 से 4 मकानों तक फैल गईं। मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और सैकड़ों लोग मौजूद हैं। आग की भयावहता को देखते हुए गुन्नौर और चंदौसी

से अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलवाई गईं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर आसपास के एक दर्जन मकान खाली करा दिए हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, आग लगते ही कारखाने में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन मजदूर समय रहते बाहर निकल आए, जिससे किसी जनहानि की सूचना नहीं है। आग के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है, हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में जुटे हैं।

