
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए समाज कल्याण विभाग में वर्षों पुराने घोटालों पर बड़ा एक्शन लिया है। जांच में छात्रवृत्ति और पेंशन के करोड़ों रुपये के घोटाले का खुलासा होने के बाद सरकार ने कड़ा कदम उठाया है। सीएम योगी के आदेश पर विभाग के चार अफसरों को बर्खास्त कर दिया गया है, जबकि तीन रिटायर्ड अधिकारियों की पेंशन में 10 से 50% तक की स्थायी कटौती के आदेश जारी किए गए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह कार्रवाई उसकी जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की गई है और भविष्य में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाने पर बख्शा नहीं जाएगा।

