
हरियाणा में आतंकी वारदात को अंजाम देने की बड़ी साजिश का खुलासा हुआ है। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने फरीदाबाद में की गई कार्रवाई में भारी मात्रा में विस्फोटक और हथियार बरामद किए हैं। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने हरियाणा के फरीदाबाद में छापेमारी करते हुए 350 किलो आरडीएक्स, दो एके-47 राइफलें और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया है। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई जैश-ए-मोहम्मद आतंकी संगठन से जुड़े एक नेटवर्क के खिलाफ की गई। इससे पहले पुलिस ने काजीगुंड निवासी डॉक्टर आदिल अहमद राथर को गिरफ्तार किया था, जिसके लॉकर से भी एक एके-47 राइफल और कारतूस मिले थे। आरोपी डॉक्टर श्रीनगर में जैश-ए-मोहम्मद के पोस्टर लगाने के आरोप में गिरफ्तार हुआ था। पुलिस ने डॉक्टर के फरीदाबाद स्थित किराए के मकान पर छापा मारा, जहाँ से 350 किलो विस्फोटक और हथियार बरामद हुए। पुलिस का कहना है कि आरोपी बड़े पैमाने पर आतंकी हमले की साजिश रच रहे थे। फिलहाल मामले की जांच राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर की जा रही है।

