पीएम मोदी गुजरात में फैक्ट्री, बिहार में कट्टा की बात करते हैं, जनता सब समझती है — कैमूर में गरजे तेजस्वी यादव। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण को लेकर सियासी माहौल गरम है। नेताओं के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। इसी कड़ी में आज कैमूर पहुंचे राजद नेता तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला। कैमूर के भभुआ हवाई अड्डा मैदान में आयोजित जनसभा में तेजस्वी यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जब गुजरात जाते हैं तो फैक्ट्री और विकास की बात करते हैं, लेकिन जब बिहार आते हैं तो कट्टा की बात करते हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी जी झूठ की फैक्ट्री चला रहे हैं, लेकिन अब बिहार की जनता सब समझ चुकी है। तेजस्वी ने कहा कि “एक बिहारी सौ पर भारी” और अब बिहार की जनता बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि 37 साल के एक युवक को रोकने के लिए प्रधानमंत्री तक को बिहार में बार-बार दौरा करना पड़ रहा है। तेजस्वी यादव ने अपने जन्मदिन पर बिहार की जनता को शुभकामनाएं दीं और कहा कि इस बार बिहार में बदलाव निश्चित है — जनता आरजेडी के पक्ष में मजबूती से खड़ी है।

