
इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में शुक्रवार दोपहर एक स्कूल मस्जिद में जोरदार धमाका हो गया। ये हादसा केलापा गेडिंग इलाके के स्टेट सीनियर हाई स्कूल 72 में जुमे की नमाज़ के दौरान हुआ। चश्मदीदों के मुताबिक़, खुत्बा शुरू ही हुआ था कि अचानक धुएं और तेज धमाके ने सबको दहला दिया। अफरा-तफरी में बच्चे और टीचर्स बाहर भागे। धमाके में 15 छात्र और 5 शिक्षक घायल हुए हैं, जिन्हें पास के क्लिनिक में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। धमाके के बाद नेवी और पुलिस ने इलाके को घेर लिया और बॉम्ब स्क्वाड जांच में जुट गया। शुरुआती जांच में बिजली के शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मौके से कुछ शक पैदा करने वाले पार्ट्स जैसे रिमोट और हथियार जैसी चीजें मिली हैं। फिलहाल स्कूल को बंद कर दिया गया है और पूरी घटना की फॉरेंसिक जांच जारी है।

