
फिलीपींस में तबाही मचाने के बाद, तूफान कालमेगी अब वियतनाम में भी कहर बनकर टूटा है। 149 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश ने जिया लाई और डाक लाक प्रांतों में भारी तबाही मचाई है। अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग लापता हैं। पर्यावरण मंत्रालय के अनुसार, 57 घर पूरी तरह ढह गए हैं और करीब 2,600 घरों को नुकसान पहुंचा है। वीडियो फुटेज में पेड़ उखड़ते, बिजली की लाइनें गिरती और घरों की छतें उड़ती दिख रही हैं। फिलीपींस में भी कालमेगी ने 188 लोगों की जान ले ली थी, जिसके बाद वहां राष्ट्रीय आपातकाल घोषित किया गया है। वैज्ञानिकों का कहना है कि जलवायु परिवर्तन की वजह से दक्षिण-पूर्व एशिया में तूफानों की रफ्तार और विनाशक क्षमता लगातार बढ़ रही है।

