सुडान में जारी संघर्ष के बीच ओडिशा के जगतसिंहपुर निवासी आदर्श बेहरा को रैपिड सपोर्ट फोर्स (RSF) ने अगवा कर लिया है। 36 वर्षीय आदर्श सुकराती प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करते थे और उन्हें अल-फाशिर शहर से उठाया गया। एक वीडियो में वे दो सैनिकों के बीच बैठे दिखे और बोले—“मैं अल-फाशिर में हूं, हालात बहुत खराब हैं… कृपया मुझे बचाइए।” बताया जा रहा है कि RSF ने उनका पासपोर्ट और दस्तावेज छीन लिए हैं। आदर्श ने एक वॉइस मैसेज में कहा कि उन्हें मुश्किल से खाना मिलता है और लगातार गोलीबारी हो रही है।

उनकी पत्नी सुष्मिता बेहरा ने बताया कि अपहरण को 10 दिन हो चुके हैं और उनके पति को प्रताड़ित किया जा रहा है। दो छोटे बच्चों के पिता आदर्श के परिजन सरकार से सुरक्षित वापसी की गुहार लगा रहे हैं। परिवार को अब उम्मीद है कि विदेश मंत्रालय और ओडिशा सरकार मिलकर उन्हें जल्द घर लाएंगे।

