
झारखंड में घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक एवं धनबाद सांसद श्री ढुल्लू महतो ने सोमवार को मुसाबनी प्रखंड के तेरेंगा पंचायत स्थित केंदाडीह गांव में बूथ स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की। इस दौरान सांसद ने कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया और कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक सच्चे अर्थों में लोकतांत्रिक पार्टी है, जहां एक साधारण कार्यकर्ता भी संगठन के बल पर विधायक और सांसद बन सकता है। उन्होंने कहा, “मैं खुद इसका जीता-जागता उदाहरण हूं, जो संगठन और जनता की सेवा के बल पर आज यहां खड़ा हूं।” ढुलू महतो ने झामुमो और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वे आज भी राजतंत्र की राजनीति करते हैं, जहाँ “राजा का बेटा ही राजा” बनता है। सम्मेलन में कार्यकर्ताओं ने ढुलू महतो का गर्मजोशी से स्वागत किया, उन्हें अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और उपचुनाव में ऐतिहासिक विजय का संकल्प लिया।

