पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में होटल आर के पैलेस में वार्षिक जेनरल बॉडी सम्मेलन सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पाकुड़ जिले का नाम रोशन करने वाले युवा क्रिकेटरों के सम्मान में यह कार्यक्रम किया गया। समारोह में संघ के कई सम्मानित अधिकारी और क्रिकेट की दुनिया में पाकुड़ को मुकम्मल जगह दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले पूर्व क्रिकेटर उपस्थित रहे। इनमें बतौर मुख्य अतिथि झारखंड क्रिकेट बोर्ड के सदस्य विरेंद्र पाठक, पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ के सचिव प्रणय तिवारी, उपाध्यक्ष श्रीपत कुमार, कोषाध्यक्ष गणपत सिंह, लेखाकार रणवीर सिंह, संयुक्त सचिव पलाश दास, संयुक्त सचिव प्रीतम मिश्रा, संयुक्त सचिव अमरजीत त्रिवेदी, पूर्व क्रिकेटर अर्जुन सिंह, कुलदीप सिंह, सोमेन घोष, चंद्रशेखर यादव, विकास जोसेफ, समीर कचेला, सोहन मंडल, नरेश मध्यान, सुंदर मोहन सिंह, गौरव चौधरी खास तौर पर शामिल थे। आयोजित समारोह में बारह युवा क्रिकेटरों को सम्मानित किया गया। इन क्रिकेटरों को मुख्य अतिथि विरेंद्र पाठक सहित संघ के अधिकारी और पूर्व क्रिकेटरों ने मोमेंटो और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों का हौंसला बढ़ाया व देश हेतु खेलने और पाकुड़ जिले का नाम पूरे विश्व रोशन करने के लिए प्रेरित किया। जेएससीए सदस्य विरेंद्र पाठक ने कहा कि पाकुड़ जैसे एक छोटे से शहर से निकलकर राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अपने जिले का नाम रोशन करना अब तक की बड़ी उपलब्धि है।

इससे जाहिर होता है कि पाकुड़ में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर दिशा और मंच प्रदान करने में पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ बखूबी काम कर रह है। मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले दिनों में हमारे युवा खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उपस्थिति दर्ज कराएंगे। मेरी और संघ की तरफ से सभी खिलाड़ियों को बहुत बहुत शुभकामनाएं। संघ के सचिव प्रणय तिवारी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए पाकुड़ में आगामी आयोजनों की जानकारी दी। समारोह में क्रमशः सेंटू कुमार यादव, सुमित सिंह, प्रियांशु कुमार, अर्जुन गोस्वामी, सृष्टि हांसदा, रौशन कुमार मिश्रा, जय रजक, सुशांत सिन्हा, अभिनव भगत, सोईबुर शेख, तुषार घोष तथा सिबास्टिन सोरेन जैसे खिलाड़ी को सम्मानित किया गया। उपलब्धि की बात करें तो युवा क्रिकेटर सेंटू कुमार यादव ने अंडर-19 झारखंड स्टेट टीम में जगह बनाई। उन्होंने राजस्थान के विरुद्ध शानदार शतकीय पारी भी खेली। वहीं सुमित सिंह ने अंतर जिला प्रतियोगिता में ऑलराउंडर की भूमिका निभाई और राज्य स्तर पर अंडर-14 कैंप में उपस्थिति दर्ज कराई। प्रियांशु कुमार ने अंडर-16 में पूरे झारखंड में सबसे ज्यादा विकेट (25 विकेट) चटकाने वाले खिलाड़ी बने। अर्जुन गोस्वामी अंडर-19 में बेहतरीन विकेट कीपर और बल्लेबाज की भूमिका निभाई। सृष्टि हांसदा ने अंडर-15 में दो-दो अर्धशतक लगाई और स्टेट कैंप में नाम दर्ज कराया। इसी तरह रौशन कुमार मिश्रा को अंडर-19 में तेज गेंदबाजी, जय रजक एवं सुशांत सिन्हा को अंडर-16 में ऑल राउंड प्रदर्शन, अभिनव भगत को अंडर-14 में तेज गेंदबाजी, सोईबुर शेख को अंडर-19 में बेहतरीन बल्लेबाजी, तुषार घोष को अंडर-23 में शानदार बल्लेबाजी और सिबास्टिन सोरेन को अंडर-23 में शानदार विकेट कीपिंग और बैटिंग के लिए सम्मानित किया गया।

