प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत पाकुड़ जिले में कुल 100 लाभुकों का गृह प्रवेश समारोह हर्षोल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। जिले के सभी प्रखंडों में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारियों ने लाभुकों का गृह प्रवेश कराया तथा नारियल फोड़कर एवं फीता काटकर नवनिर्मित आवासों का उद्घाटन किया। इस अवसर पर लाभुकों को प्रेशर कुकर भेंट कर सम्मानित किया गया। लाभुकों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि पहले वे कच्चे मकान में रहते थे, लेकिन अब सरकार की मदद से उन्हें मजबूत और सुरक्षित पक्का घर मिला है।उपायुक्त ने बताया कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान का उद्देश्य कमजोर जनजातीय समुदायों को सशक्त बनाना है। इस योजना के

माध्यम से आवास, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने कहा पीएम जनमन योजना के तहत अब तक वंचित समुदायों को समाज के अन्य वर्गों के समान सुविधा मिलेगी। यह योजना जीवनस्तर और सामाजिक प्रतिष्ठा दोनों में सुधार लाने की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। उपायुक्त ने यह भी बताया कि योजना के अंतर्गत लाभुकों को दो कमरों एवं रसोईघर सहित पक्का घर प्रदान किया जा रहा है। आज जिले के विभिन्न प्रखंडों में एक साथ 100 लाभुकों के गृह प्रवेश संपन्न हुए हैं।

