
ब्राजील के रियो डी जेनेरियो में मादक पदार्थ तस्करी गिरोह के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई में कम से कम 64 लोगों की मौत हो गई है। इस अभियान में करीब 2,500 पुलिसकर्मी और सैनिक शामिल थे, जिन्होंने मंगलवार को तड़के छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान गोलीबारी में 64 लोग मारे गए, जिनमें 4 पुलिसकर्मी भी शामिल हैं, जबकि 81 संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस ऑपरेशन की योजना पिछले एक साल से बनाई जा रही थी। पुलिस ने छापेमारी के दौरान 42 राइफलें भी जब्त की हैं। बताया गया कि गिरोह के सदस्यों ने पुलिस पर ड्रोन से हमला किया। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने इस कार्रवाई को “डरावना” बताया और हताहतों की संख्या पर चिंता जताई। रियो के गवर्नर क्लाउडियो कास्त्रो ने कहा कि यह गिरोह अब एक अंतरराष्ट्रीय आपराधिक संगठन बन चुका है, जो मादक पदार्थों की तस्करी और जबरन वसूली में शामिल है।

