
केदारनाथ धाम को लेकर केदारसभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी का बयान चर्चा में है। उन्होंने कहा कि आज केदारनाथ में श्रद्धा से ज्यादा दिखावा बढ़ता जा रहा है। तिवारी के मुताबिक, “धाम में 40 प्रतिशत बाबा के सच्चे भक्त आते हैं, जबकि 60 प्रतिशत लोग सिर्फ रील्स, व्लॉग और वीडियो बनाने के लिए पहुंच रहे हैं।” उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दिखावे ने तीर्थयात्रा की गंभीरता और पवित्रता को प्रभावित किया है। मंदिर परिसर में मोबाइल कैमरे और शूटिंग के कारण भक्तों की आस्था में खलल पड़ता है। तिवारी ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि तीर्थ स्थल पर मोबाइल से वीडियो बनाने और रील शूट करने पर सख्ती की जाए। उन्होंने कहा कि केदारनाथ जैसे पवित्र स्थान को पर्यटन नहीं, बल्कि भक्ति का केंद्र बने रहना चाहिए।

