जयपुर जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के टोडी गांव में सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। मजदूरों से भरी एक बस ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई, जिससे बस में करंट फैल गया और देखते ही देखते आग लग गई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब एक दर्जन मजदूर झुलस गए। बताया जा रहा है कि बस उत्तर प्रदेश से मजदूरों को लेकर मनोहरपुर के टोडी स्थित ईंट भट्टे पर आ रही थी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर मनोहरपुर थाना पुलिस

और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायलों को शाहपुरा उपजिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से झुलसे पांच मजदूरों को जयपुर रेफर किया गया। दमकल की मदद से आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

