दिल्ली की एनआर-I क्राइम ब्रांच, प्रशांत विहार ने एक फर्जी ENO निर्माण फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाजार में नकली ENO ब्रांड के उत्पाद बनाकर बेच रहे थे, जिससे आम जनता के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा था। जांच के दौरान पुलिस ने 91,257 नकली ENO सैशे, 80 किलोग्राम कच्चा माल, 13.080 किलोग्राम प्रिंटेड रोल्स, 54,780 स्टिकर्स, 2100 खाली पैकेट और एक पैकिंग मशीन बरामद की है। अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी प्रसिद्ध ब्रांड की साख को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ भारी मुनाफा कमा रहे थे।

इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर पंकज ठाकरान और अजय गहलावत की टीम, एसीपी अशोक शर्मा और डीसीपी पंकज कुमार के निर्देशन में काम कर रही थी। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि नकली उत्पादों की सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी। दिल्ली क्राइम ब्रांच की इस त्वरित कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

