उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रविवार देर रात क्लार्क्स इन होटल के सामने बने एक रेस्टोरेंट में भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। बताया जा रहा है कि रसोई में लगी आग ने कुछ ही देर में रेस्टोरेंट को अपनी चपेट में ले लिया। इस दौरान रसोई गैस के चार सिलेंडर फट गए जिससे आग और तेजी से फैल गई। रेस्टोरेंट के ऊपर बने रिहायशी मकान भी आग की चपेट में आ गए। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर

काबू पाया। इस दौरान 16 लोगों और एक पालतू कुत्ते को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फायर विभाग का कहना है कि आग लगने का कारण संभवतः पटाखे की चिंगारी हो सकती है, जांच जारी है।

