भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके असर से ओडिशा के कई इलाकों में अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है। IMD के अनुसार, शुक्रवार से सोमवार यानी 27 अक्टूबर तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। विभाग ने बताया कि दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के पास ऊपरी हवा में चक्रवाती परिसंचरण (Cyclonic Circulation) बनने से यह कम दबाव का क्षेत्र विकसित हुआ है।

मौसम विभाग का कहना है कि यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए और मजबूत हो सकता है, जिससे आने वाले दिनों में ओडिशा के तटीय और दक्षिणी जिलों में वर्षा की तीव्रता बढ़ सकती है।

