मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिक विस्तार और शहरीकरण की गति को देखते हुए अग्निशमन विभाग की संरचना को अधिक सशक्त, आधुनिक और जनसुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील बनाना समय की मांग है। सीएम योगी ने निर्देश दिए कि फायर सर्विस को केवल आग बुझाने तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे आपदा प्रबंधन, रेस्क्यू ऑपरेशन और आपात सेवाओं के समेकित स्वरूप में विकसित किया जाए।

उन्होंने विभागीय कैडर रिव्यू की आवश्यकता जताते हुए हर रीजन में स्पेशलाइज्ड यूनिट गठित करने के निर्देश दिए, जो केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल दुर्घटनाओं और सुपर हाईराइज बिल्डिंग जैसी परिस्थितियों से निपटने में सक्षम हों। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने फायर सर्विस को अत्याधुनिक उपकरणों और प्रशिक्षित जनशक्ति से सुसज्जित करने पर भी जोर दिया।

