उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शुक्रवार शाम एक अनोखा धार्मिक-सामाजिक नजारा देखने को मिला। शहर की प्राचीन दरगाह हजरत हमजा चिश्ती रहमतुल्लाह अलैह पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने वृंदावन के संत प्रेमानंद महाराज की लंबी उम्र और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए चादरपोशी की। कार्यक्रम के बाद मरकजी सीरत कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरशद कुरैशी ने कहा कि जौनपुर की धरती गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल रही है, जहां हर धर्म के लोग प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। उन्होंने कहा— “धर्म कोई दीवार नहीं, बल्कि प्रेम का पुल है।”

इस मौके पर दरगाह के खादिम शमशेर कुरैशी, विशाल खत्री, अमन कुरैशी समेत कई स्थानीय श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने प्रेमानंद महाराज के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की दुआ की। हालांकि मथुरा पुलिस ने हाल ही में स्पष्ट किया था कि महाराज पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनके स्वास्थ्य को लेकर फैलाई जा रही अफवाहों पर कार्रवाई की जाएगी।

