
लालगंज से बड़ी राजनीतिक खबर—तेजस्वी यादव पर बयानबाजी करना पप्पू यादव को भारी पड़ गया। दरअसल, पप्पू यादव कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन में शामिल होने लालगंज पहुंचे थे, लेकिन मंच से तेजस्वी यादव और आरजेडी नेतृत्व पर तीखा हमला बोल दिया। उनके बयान से वहां मौजूद आरजेडी कार्यकर्ता भड़क उठे और नारेबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते माहौल गरम हो गया और कार्यकर्ताओं ने पप्पू यादव को कार्यक्रम स्थल से बाहर खदेड़ दिया। गौरतलब है कि लालगंज सीट से आरजेडी ने शिवानी शुक्ला को टिकट दिया है, जबकि पप्पू यादव इस फैसले के खिलाफ लगातार बयान दे रहे हैं। कांग्रेस और आरजेडी दोनों महागठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन पप्पू यादव की इस बयानबाजी ने गठबंधन के अंदर के मतभेदों को और उजागर कर दिया है। लालगंज की सियासत अब पप्पू यादव और तेजस्वी यादव के बीच जुबानी जंग में बदल चुकी है।

