अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चीन के खिलाफ आर्थिक मोर्चे पर बड़ा कदम उठाते हुए 100% नया टैरिफ लगाने की घोषणा की है। ट्रंप ने शुक्रवार को बताया कि यह नया टैरिफ 1 नवंबर से लागू होगा। फिलहाल चीन से आने वाले उत्पादों पर पहले से 30% टैरिफ है, ऐसे में अब कुल 130% टैरिफ वसूला जाएगा। ट्रंप ने साथ ही 1 नवंबर से सभी अहम सॉफ्टवेयर के निर्यात पर नियंत्रण (एक्सपोर्ट कंट्रोल) लागू करने की भी बात कही है। माना जा रहा है कि यह कदम चीन द्वारा 9 अक्टूबर को दुर्लभ खनिजों (रेयर अर्थ मटेरियल) के निर्यात नियम कड़े

करने के जवाब में उठाया गया है। चीन के नए नियमों के अनुसार, अब चीनी खनिज या तकनीक का इस्तेमाल करने वाली विदेशी कंपनियों को विशेष लाइसेंस लेना होगा। इसके अलावा, चीन ने विदेशी सेना से जुड़ी कंपनियों को ऐसे लाइसेंस न देने का भी फैसला किया है। ट्रंप ने कहा यह कदम दुनिया के लगभग हर देश के लिए मुश्किलें बढ़ा सकता है, लेकिन अमेरिका अपनी सुरक्षा और अर्थव्यवस्था की रक्षा के लिए हर जरूरी कदम उठाएगा।
