बॉलीवुड एक्ट्रेस शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। बॉम्बे हाईकोर्ट ने 60 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी मामले में बड़ी सख्ती दिखाई है। अदालत ने साफ कहा है कि अगर ये कपल लॉस एंजिल्स या किसी अन्य देश की यात्रा करना चाहता है, तो पहले इन्हें 60 करोड़ रुपये जमा करने होंगे।

यह मामला उस एफआईआर से जुड़ा है, जिसमें कारोबारी दीपक कोठारी ने शिल्पा और राज कुंद्रा पर 60 करोड़ से ज्यादा की ठगी का आरोप लगाया था। कोठारी का कहना है कि दोनों ने बिजनेस लोन के नाम पर पैसे लिए, लेकिन उसे निजी खर्चों में उड़ा दिया। अब इस मामले की अगली सुनवाई 14 अक्टूबर को होगी। फिलहाल कोर्ट ने साफ संकेत दे दिया है कि बिना भारी सुरक्षा राशि जमा किए शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा देश से बाहर नहीं जा पाएंगे।’

