
ओडिशा के कटक में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को लेकर रविवार को हिंसा भड़क गई। दरगाह बाजार इलाके में पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के दौरान जमकर पथराव और तोड़फोड़ हुई। हालात काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा, जिसमें आठ पुलिसकर्मी और कुछ मीडियाकर्मी घायल हो गए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने 24 घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर एस. देव दत्ता सिंह ने हिंसा में शामिल लोगों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के आदेश दिए हैं। डीजीपी योगेश बहादुर खुरानिया ने कहा कि स्थिति अब नियंत्रण में है और अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने घटना पर दुख जताते हुए शांति बनाए रखने की अपील की। वहीं, विहिप ने प्रशासनिक विफलता का आरोप लगाते हुए सोमवार को कटक बंद का आह्वान किया है।

