उत्तराखंड के केदारनाथ हाईवे पर रविवार शाम बड़ा हादसा हो गया। कुण्ड-काकड़ागाड़ के पास गौरीकुंड से रुद्रप्रयाग जा रही एक कार पर अचानक पहाड़ी से पत्थर गिर गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर मंदाकिनी नदी किनारे जा गिरा। हादसे में चालक मुकेश कुमार, निवासी बाराबंकी (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। SDRF और DDRF की टीमों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को रेस्क्यू कर 108 एंबुलेंस से अगस्त्यमुनि स्वास्थ्य केंद्र भेजा। घायलों में दो छोटे बच्चे

और तीन वयस्क शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मृतक का पंचनामा भरकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रहे भूस्खलन और पत्थर गिरने के खतरे की चेतावनी देता है।

