
ईरानी कप 2025 का फाइनल मुकाबला नागपुर में विदर्भ और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच खेला गया, जिसमें रजत पाटीदार की कप्तानी में विदर्भ ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 93 रनों से जीत लिया। ये विदर्भ का तीसरा ईरानी कप खिताब है। वहीं, मैच के आखिरी दिन मैदान पर तनावपूर्ण माहौल तब देखने को मिला जब विदर्भ के तेज़ गेंदबाज़ यश ठाकुर और रेस्ट ऑफ इंडिया के बल्लेबाज़ यश धुल के बीच कहासुनी और झड़प हो गई। धुल, 92 रन पर आउट हुए और यश ठाकुर ने विकेट मिलने पर आक्रामक जश्न मनाया, जिससे धुल नाराज़ हो गए। दोनों खिलाड़ियों में बहस बढ़ती देख अंपायरों और खिलाड़ियों को बीच में आकर मामला शांत कराना पड़ा। यश ठाकुर ने पूरे मैच में 6 विकेट झटके। यह घटना सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

