केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह महाराष्ट्र के एक दिवसीय दौरे पर रविवार को शिरडी स्थित साईंबाबा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। उनके साथ मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार भी मौजूद थे। अमित शाह ने अहिल्यानगर जिले में डॉक्टर विट्ठलराव विखे पाटिल सहकारी चीनी कारखाने की विस्तारित क्षमता का उद्घाटन किया और किसान रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चीनी सहकारी क्षेत्र को आर्थिक लाभ हुआ है और एथनॉल उत्पादन

से इसकी स्थिति मजबूत हुई है। अमित शाह ने किसानों के लिए केंद्र सरकार की सहायता का भरोसा भी दिलाया। इस अवसर पर उन्होंने विट्ठलराव विखे पाटिल और बालासाहेब विखे पाटिल की प्रतिमाओं का अनावरण भी किया, जिनका सहकारिता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

