
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है कि अगर वाशिंगटन यूक्रेन को टॉमहॉक जैसी लंबी दूरी की मिसाइलें उपलब्ध कराता है, तो इससे रूस-अमेरिका संबंधों को गंभीर नुकसान होगा। पुतिन ने साफ कहा कि यह कदम मॉस्को और वॉशिंगटन के बीच तनाव को और बढ़ा देगा। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मिसाइलें मिलने से युद्ध की दिशा नहीं बदलेगी, क्योंकि रूसी सेना अपनी योजना के मुताबिक धीरे-धीरे आगे बढ़ रही है। दरअसल, अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने हाल ही में खुलासा किया था कि यूक्रेन ने टॉमहॉक मिसाइलों की मांग की है, जिस पर वाशिंगटन विचार कर रहा है। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए पुतिन ने कहा कि इस तरह का कदम संबंधों को और जटिल बना देगा। इसका मतलब साफ है कि अगर अमेरिका ने यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइलें दीं, तो रूस और अमेरिका के बीच टकराव और बढ़ सकता है।

