इंडोनेशिया से दर्दनाक खबर सामने आई है। पूर्वी जावा के सिदोअर्जो शहर में एक इस्लामिक बोर्डिंग स्कूल की इमारत अचानक ढह गई। हादसे में 13 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि 99 छात्र घायल हुए हैं। इनमें कई की हालत गंभीर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, लगभग 65 छात्र मलबे में फंसे होने की आशंका है। बचावकर्मी लगातार ऑक्सीजन और पानी पहुंचाने की कोशिश कर रहे हैं। हादसे के 12 घंटे बाद भी राहत अभियान जारी है। दुर्घटना उस समय हुई जब छात्र दोपहर की नमाज अदा कर रहे थे। महिला छात्राएं इमारत के दूसरे

हिस्से में थीं और वे सुरक्षित बाहर निकल आईं। अब तक आठ बच्चों को जिंदा बाहर निकाला जा चुका है, लेकिन मलबे में और शव देखे जाने की भी खबर है। पुलिस के अनुसार, पुराने प्रार्थना हॉल की नींव कमजोर थी और उस पर अनधिकृत रूप से दो मंजिलें और बनाई जा रही थीं, जिससे यह हादसा हुआ। इस त्रासदी ने इंडोनेशिया को झकझोर दिया है और मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

