
यूपी के जौनपुर के कई गांवों में संदिग्ध ड्रोन कैमरे की दहशत ने लोगों की नींद उड़ा दी है। शुक्रवार रात गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के तियारी गांव में ग्रामीणों ने बार-बार ड्रोन उड़ते देखा और उसका पीछा किया। कई लोगों ने वीडियो बनाकर पुलिस को भेजा, लेकिन पुलिस देर से पहुंची। ग्रामीणों का आरोप है कि भैंस चोरी जैसी घटनाओं के चलते अब रातभर जागना पड़ रहा है। ग्रामीण राम अजोर, सुमन और श्रवण कुमार ने बताया कि ड्रोन रात में चार-पांच बार दिखता है, कभी रोशनी के साथ तो कभी बिना रोशनी, और अचानक गायब हो जाता है। इससे बच्चों और परिवारों में डर बढ़ता जा रहा है। एसपी डॉ. कौस्तुभ ने कहा कि ड्रोन सत्यापन किया गया है, बिना वैध कागज़ वाले ड्रोन सीज कर लिए गए हैं। 112 पुलिस टीम रातभर गश्त कर रही है। अफवाह फैलाने वालों पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जनता से अपील है कि सूचना मिलने पर तुरंत 112 नंबर पर दें।

