पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के मस्तुंग जिले में सोमवार को बड़ा आतंकी हमला हुआ। जाफर एक्सप्रेस ट्रेन धमाके की चपेट में आकर पटरी से उतर गई। हादसे में कई डिब्बे पलट गए और कम से कम तीन डिब्बों को गंभीर नुकसान पहुंचा। धमाके के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई। राहत और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंचे और डिब्बों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया। चश्मदीदों और वीडियो में देखा गया कि ट्रेन पलट चुकी है और महिलाएं व बच्चे घायल अवस्था में फंसे हैं। धमाका उसी पटरी पर हुआ, जहां कुछ घंटे पहले ही पाकिस्तानी सेना के जवान

विस्फोट का शिकार हुए थे। लगातार दो हमलों ने बलूचिस्तान में रेल मार्गों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जाफर एक्सप्रेस पहले भी आतंकी हमलों का निशाना बन चुकी है। इस साल मार्च में माच इलाके में ट्रेन पर हमला हुआ था, जिसमें छह सैनिक मारे गए थे और 450 से ज्यादा यात्री बंधक बना लिए गए थे। उस हमले की जिम्मेदारी बलूच लिबरेशन आर्मी ने ली थी। हालांकि, सोमवार के हमले की जिम्मेदारी अब तक किसी संगठन ने नहीं ली है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां जांच में जुटी हैं और घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है।

