
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में मंगलवार को हुई रातभर की मूसलाधार बारिश ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। पिछले छह घंटों में 250 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जिससे शहर के कई हिस्सों में घुटनों तक पानी भर गया। बारिश के बाद कई इलाकों में करंट उतरने की घटनाएं सामने आईं, जिसकी चपेट में आकर अब तक 5 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं कई घरों और आवासीय परिसरों में पानी घुस गया है। बारिश का असर यातायात पर भी पड़ा। जगह-जगह सड़कों पर पानी भरने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही और वाहनों की आवाजाही ठप हो गई। मेट्रो और रेल सेवाएं भी बाधित रहीं। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण इतनी भारी बारिश हुई है। विभाग ने आने वाले घंटों में और बारिश की संभावना जताई है।

