नवरात्र की शुरुआत के साथ ही देशभर की जनता के लिए बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने जीएसटी दरों में की गई कटौती आज से यानी 22 सितंबर से लागू कर दी है। अब रोजमर्रा की जरूरतों से लेकर गाड़ियां और इलेक्ट्रॉनिक सामान तक, सब कुछ पहले से सस्ता हो गया है। सरकार ने जीएसटी सुधार के तहत चार की जगह सिर्फ दो स्लैब रखे हैं – 5% और 18%। वहीं, लग्ज़री और हानिकारक वस्तुओं पर नया 40% टैक्स लगाया गया है। सबसे बड़ी राहत आम परिवारों को मिलेगी। पनीर, दूध, घी, सूखे मेवे, बिस्कुट, चॉकलेट, नमकीन, पेस्ट्री, फलों के रस और कॉफी जैसे सामान अब कम कीमत पर मिलेंगे। पर्सनल केयर उत्पाद – जैसे साबुन, शैम्पू, टूथपेस्ट और शेविंग क्रीम भी सस्ती हो गई हैं। इलेक्ट्रॉनिक सामानों में भी राहत – अब टीवी, एसी, वॉशिंग मशीन और डिशवॉशर किफायती होंगे। दवा और मेडिकल उपकरणों पर टैक्स घटाकर 5% कर दिया गया है। कई गंभीर बीमारियों की दवाएं अब जीरो टैक्स के तहत आ गई हैं।

सेवा क्षेत्र में भी फायदा – जिम, योग, सैलून और फिटनेस सेंटर की सेवाओं पर टैक्स कम हुआ है। वाहन सेक्टर को भी बड़ी राहत – टू-व्हीलर, छोटी कारें और ऑटो रिक्शा पर टैक्स 28% से घटाकर 18% कर दिया गया है। हालांकि सरकार ने पान मसाला, तंबाकू, महंगी कारें, यॉट और प्राइवेट जेट जैसी वस्तुओं पर 40% जीएसटी लगाकर उन्हें लग्ज़री और सिन गुड्स कैटेगरी में रखा है। विशेषज्ञों का अनुमान है कि इन सुधारों से देश की जनता को करीब दो लाख करोड़ रुपये की सीधी बचत होगी।

