दिल्ली से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। धौलाकुआं के पास बीते रविवार को BMW कार ने बाइक सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में नवजोत सिंह की मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी घायल हुईं। बुधवार को पटियाला हाउस कोर्ट में मामले की सुनवाई हुई। आरोपी गगनप्रीत को जमानत नहीं मिली। अगली सुनवाई शनिवार, 20 सितंबर को होगी। इस बीच, आरोपी ने हादसे वाली जगह की CCTV फुटेज को संरक्षित करने की मांग की है। कोर्ट ने इस पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है और गुरुवार को सुनवाई होगी।

सुनवाई के दौरान आरोपी के वकील ने दावा किया कि यह एक सामान्य एक्सीडेंट था और मृतक के लिए भी उचित अस्पताल व्यवस्था की गई थी। वहीं, पुलिस ने कहा कि घायल को पास के अस्पताल ले जाने में समय व्यर्थ हुआ। पीड़ित परिवार के वकील ने गाड़ी की तेज रफ्तार और नजदीकी अस्पताल न ले जाने पर आपत्ति जताई। कोर्ट में दोनों पक्षों की दलीलें पूरी हो चुकी हैं और अगली सुनवाई में मामले के आगे के कदम तय होंगे।

