पाकुड़ पुलिस इन दिनों अवैध लॉटरी के खिलाफ कमर कस चुकी है एवं आए दिन अवैध लॉटरी के साथ लोगों को गिरफ्तार किया जा रहा है। बताते चलें कि लगातार छापेमारी व सूचना संकलन भी की जा रही है। इसी दौरान पुलिस को दो व्यक्तियों के द्वारा अवैध लॉटरी के खेप को मुकम्मल ठिकाने तक पहुंचाएं जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पूर्व में गठित टीम को सत्यापन हेतु भेजा गया, जिस क्रम में पुलिस को दो व्यक्तियों को ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने दोनों को रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों व्यक्ति मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे जिसमें से एक को पकड़ लिया गया। गिरफ्त में आए व्यक्ति के झोले से पुलिस ने 304 बंडल प्रतिबंधित लॉटरी जप्त किया जिसकी कुल कीमत 10 लाख के

करीब बताई जा रही है। इसके अलावा उक्त व्यक्ति के पास से पुलिस ने मोटरसाइकिल एवं मोबाइल को भी जप्त किया। इस मामले में मालपहाड़ी ओपी में कांड संख्या 251/ 2025, धारा 297/ 318(4)/ 3(5) भारतीय न्याय संहिता 2023 एवं 7( 3) लॉटरी रेगुलेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। बरामद सामानों में लॉटरी के अलावा रजिस्ट्रेशन नंबर JH16H 0512 की ग्लैमर मोटरसाइकिल एवं रियल मी कंपनी का स्मार्टफोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार व्यक्ति का नाम अलिअल शेख, पिता अशराफुल शेख, ग्राम झिकारहाटी है। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक सह ओपी प्रभारी राहुल गुप्ता, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार एवं भूदेव कुमार तथा आरक्षी जानकी प्रसाद मौजूद थे।

