धनुषपूजा निवासी प्रसनजीत मरांडी का एक्टिवा स्कूटी रजिस्ट्रेशन नंबर jh04 k 8656 गत 14 सितंबर को भगतपाड़ा स्थित बाल विद्यापीठ विद्यालय के सामने से चोरी चली गई थी, इसकी लिखित सूचना प्रसनजीत मरांडी ने नगर थाना में दी। आवेदन के आधार पर नगर थाना में कांड संख्या 250/ 2025 दर्ज किया गया। उक्त स्कूटी के साथ तीन व्यक्तियों के द्वारा के के एम कॉलेज की तरफ घूमने की सूचना पुलिस को मिली, सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी पाकुड़ के नेतृत्व में एक टीम गठित कर मोटरसाइकिल चेकिंग करने का आदेश दिया गया। टीम के द्वारा जगह-जगह पर वाहन चेकिंग की जाने लगी। इसी क्रम में कॉलेज से इशाकपुर जाने वाली सड़क पर रात्रि 12:30 बजे तीन व्यक्ति को चोरी की गई स्कूटी

के साथ पकड़ लिया गया। सत्यापन करने पर उक्त स्कूटी को विद्यालय के सामने से चोरी करने की बात सामने आई, तीनों व्यक्ति ने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर लिया है। गिरफ्तार व्यक्ति के नाम क्रमशः शुभम प्रसाद, मोरग्राम, थाना रामपुरहाट, जिला बिरभूम (पश्चिम बंगाल), रोनी शेख, बेल पोखर एवं बिट्टू शेख उर्फ जहांगीर शेख, जानकी नगर है। पकड़े गए तीनों व्यक्ति का अपराधिक इतिहास रहा है। छापामारी दल में पुलिस निरीक्षक सह नगर थाना प्रभारी बबलू कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार एवं मिथुन कुमार तथा सहायक अवर निरीक्षक राजीव कुमार राय मौजूद थे।

