नेपाल से बड़ी खबर है। राजधानी काठमांडू से कर्फ्यू और निषेधाज्ञा हटा ली गई है। यह कर्फ्यू सेना ने लगाया था, जिसे आज सुबह 5 बजे से हटा दिया गया। अंतरिम सरकार के गठन और स्थिति सामान्य होने के बाद सेना ने यह निर्णय लिया है। हालांकि सुरक्षा के मद्देनज़र सेना के कुछ दिन और सड़कों पर तैनात रहने की उम्मीद है। इस बीच, राष्ट्रपति रामचन्द्र पौडेल ने प्रधानमंत्री सुशीला कार्की की सिफारिश पर प्रतिनिधि सभा को भंग कर दिया है और

ऐलान किया है कि 5 मार्च 2026 से पहले चुनाव कराए जाएंगे। नवनियुक्त अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को भारत की ओर से भी बधाई दी गई है। नेपाल में भारत के राजदूत नवीन श्रीवास्तव ने उनसे मुलाकात कर हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भी शुभकामनाएं भेजी गईं। सुशीला कार्की ने कहा कि नेपाल इस संकट से उबरने में भारत से बड़ी मदद की अपेक्षा रखता है।

