
भारत को नया उपराष्ट्रपति मिलने जा रहा है। सीपी राधाकृष्णन शुक्रवार सुबह 10 बजे राष्ट्रपति भवन में देश के 15वें उपराष्ट्रपति पद की शपथ लेंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत केंद्र सरकार के कई मंत्री मौजूद रहेंगे। सूत्रों के मुताबिक, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ भी समारोह में शामिल हो सकते हैं। विपक्ष की ओर से कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे मौजूद रहेंगे, हालांकि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी इस वक्त गुजरात दौरे पर हैं, इसलिए शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे। राधाकृष्णन ने 9 सितंबर को हुए चुनाव में विपक्षी उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी को 152 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने महाराष्ट्र के राज्यपाल पद से इस्तीफा दे दिया। अब गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत को महाराष्ट्र का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

